देश की खबरें | युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, 18 फरवरी नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना के बाद भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

भगदड़ की इस घटना में 18 यात्रियों की मौत हो गई थी। यह प्रदर्शन यहां रायसीना रोड स्थित युवा कांग्रेस के कार्यालय में हुआ।

प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे और रेल मंत्री से अपने पद से इस्तीफा देने की मांग कर रहे थे। उन्होंने मंत्री का पुतला भी जलाया।

पुलिस ने युवा कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स लगा दिए और प्रदर्शनकारियों को बाहर नहीं जाने दिया।

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि वहां का दृश्य हृदय विदारक था और आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन की विफलता के कारण, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 18 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जिनमें नौ महिलाएं, चार पुरुष और पांच बच्चे शामिल हैं।

चिब ने आरोप लगाया कि जब भगदड़ में लोग मर रहे थे तब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौतों के आंकड़े छिपाने में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि मंत्री सिर्फ रील बनाने में व्यस्त हैं।

चिब ने मांग की कि उन्हें (रेलमंत्री) अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है और उन्हें यथाशीघ्र इस्तीफा दे देना चाहिए।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि आस्था के महाकुंभ में जाने के लिए लोगों को सरकार से उम्मीद है कि परिवहन, पुलिस प्रशासन की तैनाती और भीड़ प्रबंधन की उचित व्यवस्था होगी।

लाकड़ा ने मांग की कि रेल मंत्री को इस दुर्घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता युवा कांग्रेस के कार्यालय पर एकत्र हुए और इसके बाद वे रायसीना रोड की ओर बढ़े जहां दिल्ली पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग करके रोक दिया।

शनिवार शाम को प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में सवार होने के लिए भारी भीड़ के उमड़ने के कारण नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य घायल हो गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)