जम्मू, 25 सितंबर जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने पर लोगों के विचारों को जानने के लिए युवा कांग्रेस ने सोमवार को एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह अभियान जम्मू के बाहु किला इलाके से शुरू हुआ और इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश भरत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''उपराज्यपाल (मनोज सिन्हा) ने हाल ही में कहा था कि एक सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि जम्मू-कश्मीर की 80 फीसदी आबादी चुनाव नहीं चाहती, क्योंकि वह उनके प्रशासन से संतुष्ट है। हमारा हस्ताक्षर अभियान लोगों की असल मंशा को जगजाहिर करेगा।''
जिस बैनर पर कार्यकर्ता लोगों के हस्ताक्षर ले रहे हैं, उसपर लिखा है, जम्मू-कश्मीर में चुनावी लोकतंत्र की बहाली के लिए अपनी आवाज उठाएं।
भरत ने कहा कि यह अभियान जम्मू-कश्मीर से सभी हिस्सों में चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ''यह हस्ताक्षर अभियान उन लोगों के लिए एक जरिया बनेगा, जो क्षेत्र में चुनावी लोकतंत्र व रोजगार अवसरों की अपनी मांग को आवाज देने की इच्छा रखते हैं।''
उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में भारी संख्या में युवा बेरोजगारी की चपेट में हैं और इन महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने के बजाय उपराज्यपाल का प्रशासन अतिरिक्त कर लगा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY