देश की खबरें | प्रधानमंत्री की छत्तीसगढ़ यात्रा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवक कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

रायगढ़ (छत्तीसगढ़), 14 सितंबर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवक कांग्रेस और एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया) के लगभग 80 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कार्यकर्ता रेलगाड़ियों को रद्द किए जाने और देश में बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी जिले के कोड़ातराई गांव में दोपहर बाद लगभग तीन बजे 6,350 करोड़ रुपये की रेल क्षेत्र की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के लगभग 80 कार्यकर्ता यहां गांधी चौक में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का विरोध करते हुए हाथ में तख्ती लेकर नारे लगा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ कार्यकर्ता काला कपड़ा पहने हुए थे तथा ‘‘मोदी वापस जाओ’’ के नारे लगा रहे थे।

युवक कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह बढ़ती बेरोजगारी और राज्य से गुजरने वाली कई रेलगाड़ियों के ‘‘रद्द’’ होने के विरोध में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे।

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री की पिछले ढाई महीने के दौरान यह दूसरी यात्रा है। राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल को व्यापक सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ शहर से लगभग आठ किलोमीटर दूर इस क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें राज्य पुलिस के कर्मचारियों के अलावा विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की टुकड़ियां भी शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)