नयी दिल्ली, 21 जून केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने रविवार को योग करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह प्राचीन विद्या शरीर और मन को तन्दुरुस्त बनाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में महत्वूपर्ण भूमिका निभा सकती है।
रविवार 21 जून को मनाए जा रहे छठे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम इस बार कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर ‘घर में योग’ रखा गया है।
यह भी पढ़े | कोरोना के चंडीगढ़ में अब तक 404 मरीज पाए जा चुके हैं: 21 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
केन्द्रीय स्टील मंत्री ने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते हैं, हम कोरोना वायरस महामारी को झेल रहे हैं। ऐसे में जब हम साथ मिलकर, मास्क पहनकर, दो गज की दूरी बनाए रखते हुए, बार-बार हाथ धो कर और सही सूचनाएं लोगों तक पहुंचा कर इस वायरस के खिलाफ लड़ रहे तो अब समय आ गया है कि हम अपनी लड़ाई (कोरोना वायरस के खिलाफ) की रणनीति को मजबूत करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसे सुनिश्चित करने का हमारे पास एक तरीका है, और वह है अपने तन-मन को स्वस्थ्य रखना और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाना जिसमें योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।’’
केन्द्र में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री, प्रधान ने कहा कि इस महामारी ने पूरी दुनिया को बदल दिया है। इसने सभी के जीवन में बड़ी-बड़ी चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
उन्होंने देशवासियों से योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।
मंत्री ने कहा, ‘‘हम यह लड़ाई साथ मिलकर लड़ने और विजेता बनकर उभरने को प्रतिबद्ध हैं। आखिर दुनिया में कौन सी चुनौती मानव की इच्छाशक्ति से मजबूत साबित हुई है?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY