देश की खबरें | येदियुरप्पा चार जुलाई से कांग्रेस के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे

बेंगलुरु, 25 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बी एस येदियुरप्पा ने राज्य में कांग्रेस सरकार से चुनावी वादों को पूरा करने की मांग को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान सदन के अंदर और बाहर पार्टी के प्रदर्शन करने की रविवार को घोषणा की।

येदियुरप्पा ने कहा कि वह चार जुलाई को विधान सौध में (महात्मा) गांधी की प्रतिमा के पास प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव तथा बृहत बेंगलुरु महानगरपालिका चुनाव के लिए तैयारियां शुरू करने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक चुनाव में लोगों ने उनके (कांग्रेस के) गारंटी कार्ड पर विश्वास किया, उन्हें धोखा मिला। हम (भाजपा) 100 से अधिक सीट पर नहीं जीत सके। हम सरकार की किसान विरोधी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तथा पांच गारंटी को 24 घंटे के अंदर लागू करने में विफल रहने को लेकर विधानसभा के अंदर और बाहर, दोनों जगह विरोध प्रदर्शन करेंगे।’’

उन्होंने यहां पार्टी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने अभी तक केवल एक गारंटी-सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं के निशुल्क यात्रा को कई शर्तों के साथ लागू किया गया है, जो महिलाओं का अपमान है।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनावों में पार्टी की जीत तथा बेंगलुरु नगर निकाय चुनावों में सत्ता में आने को सुनिश्चित करने को कहा।

विधानसभा का सत्र तीन जुलाई से 14 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान नयी सरकार बजट पेश करेगी।

उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में हाल में हुई विपक्षी दलों की बैठक पर तंज करते हुए कहा,‘‘ आपकी साजिशें काम नहीं आएंगी। इस देश की जनता सजग है और सही निर्णय लेने में सक्षम है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)