नयी दिल्ली, 24 जुलाई दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंत्री गोपाल राय ने यहां कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर सोमवार सुबह से घटना शुरू हो गया है और इस बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है।
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार यमुना का जलस्तर दोपहर 12 बजे 206.47 मीटर था जो खतरे के निशान (205.33 मीटर) से एक मीटर से अधिक है।
यमुना के पुराने पुल के पास शाहदरा जिले में स्थापित बाढ़ राहत शिविरों में व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे राय ने कहा कि शिविरों में ठहरे लोगों को जलस्तर कम होने तक वहीं रहना चाहिए।
राय ने कहा, ‘‘रिपोर्ट के अनुसार सोमवार सुबह यमुना का जलस्तर घटना शुरू हो गया। इस बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने प्रभावितों के लिए पर्याप्त बंदोबस्त किये हैं।’’
उन्होंने कहा कि अगर हथिनीकुंड बैराज से पानी का प्रवाह नियंत्रण में रहता है तो दिल्ली में यमुना का जलस्तर बहुत जल्द कम हो जाएगा।
राय ने कहा, ‘‘दिल्ली में बाढ़ हथिनीकुंड से दिल्ली की ओर प्रवाहित पानी की दिशा मोड़ने के कारण है।’’
उन्होंने कहा कि कई गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) ने समर्थन दिया है और प्रभावित लोगों को राशन पहुंचाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY