देश की खबरें | यादवपुर विश्वविद्यालय ने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाना शुरू किया : कार्यकारी कुलपति

साव ने बताया कि प्रवेश द्वारा सहित विभिन्न जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया आज शुरू हो गई। मुख्य प्रवेश द्वारों सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे।’’

साव ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की एक टीम भी विश्वविद्यालय आ रही है वह संस्थान में सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं और मानवीय निगरानी पर चर्चा करेगी।

इसबीच, विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने सेना जैसी वर्दी पहने कथित मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के एक समूह की बृहस्पतिवार को परिसर में मौजूदगी के संबंध में यादवपुर थाने में तहरीर दी है।

स्नातक प्रथम वर्ष के 17 वर्षीय छात्र की नौ अगस्त को मुख्य छात्रावास की दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की आलोचना हो रही है। छात्र के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके साथ रैगिंग हुई थी और उसका यौन उत्पीड़न किया गया था।

पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने विश्वविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये जाने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)