नयी दिल्ली, तीन फरवरी राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) मंगलवार को पुणे में पारिवारिक कल्याण को मजबूती प्रदान करने के लिए विवाह पूर्व परामर्श और शिक्षा पर राष्ट्रीय परामर्श बैठक आयोजित करने जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य एहतियाती उपाय के रूप में विवाह-पूर्व परामर्श को बढ़ावा देकर घरेलू हिंसा और वैवाहिक विवाद सहित वैवाहिक संबंधों में बढ़ते मुद्दों का समाधान करना है।
एनसीडब्ल्यू ने कहा कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून, मनोविज्ञान और सामाजिक कार्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ एक साथ आएंगे और रिश्तों को मजबूत बनाने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
चर्चा में विवाह के लिए भावनात्मक और वित्तीय तैयारी, टकराव समाधान, कानूनी अधिकार और घरेलू हिंसा से सुरक्षा तथा शैक्षणिक संस्थानों की अपने पाठ्यक्रम में विवाह-पूर्व परामर्श को शामिल करने की भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
मद्रास उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति विक्टोरिया गौरी मुख्य अतिथि होंगी, जबकि एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर भी सभा को संबोधित करेंगी।
एनसीडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि देश भर से अधिवक्ता, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, गैर सरकारी संगठन और परामर्शदाताओं के इसमें भाग लेने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY