जरुरी जानकारी | उद्यमों, कंपनियों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं महिलाएं : सीतारमण

मुंबई, 16 सितंबर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को महिला उद्यमियों से नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

सीतारमण ने शुक्रवार को यहां बीएसई मुख्यालय में महिला निदेशकों के सम्मेलन में कहा कि कॉरपोरेट जगत में बड़े पदों पर तैनात महिलाओं की संख्या पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा महिलाओं में यह भावना बैठ गयी है कि उन्हें नेतृत्व की भूमिका में होने के लिए खुद को बार-बार साबित करने की जरुरत है। और इसका समाधान उन्हें इस मामले में मार्गदर्शन तथा समर्थन देना तथा निदेशक मंडल में शामिल होना है।

सीतारमण ने कंपनियों से अपने निदेशक मंडल में अधिक महिलाओं को शामिल करने का आग्रह करते कहा कि विश्व स्तर पर यह साबित हो गया है कि जिन कंपनियों के निदेशक मंडल में अधिक महिला अधिकारी हैं, वे अधिक लाभदायक और अधिक समावेशी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाएं स्त्री-पुरूष समानता और समावेशिता की मांग नहीं कर रही हैं। यदि आप लाभ चाहते है, तो हमें शामिल करें। अब आप हमें नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते।’’

केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि कंपनियों में महिला अधिकारियों की ‘बिरादरी’ को बढ़ाने की आवश्यकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)