जरुरी जानकारी | पुरुषों के मुकाबले महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप को उद्यम पूंजी कोष का समर्थन कम: स्मृति ईरानी

मुंबई, 15 दिसंबर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप को समर्थन नहीं देने के लिए उद्यम पूंजी कोष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इसकी जगह ये कोष पुरुषों द्वारा स्थापित स्टार्टअप पर दांव लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में कई महिला नवप्रवर्तक हैं, लेकिन इस बात का अफसोस है कि उनकी प्रगति व्यावसायिक उद्यमों में बदल नहीं पा रही है।

ईरानी ने 'मेंटर माय बोर्ड' के एक कार्यक्रम में कहा कि आज भी, पुरुषों की तुलना में महिलाओं के नेतृत्व वाले नवाचार के लिए उद्यम पूंजी कोष बहुत कम जोखिम लेते हैं।

उन्होंने कहा, ''यह पता लगाना होगा कि कितनी महिलाएं नवोन्मेषी होने के बावजूद कॉरपोरेट बोर्डरूम का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।''

ईरानी ने स्वीकार किया कि महिलाओं के लिए मासिक धर्म की छुट्टियों का विरोध करने वाले संसद में उनके हालिया बयान से हंगामा हुआ है, लेकिन वह अपने रुख पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने की अनुमति देने से गोपनीयता को लेकर गहरी चिंताएं पैदा होंगी।

उन्होंने कहा, ''क्या आप ऐसी स्थिति की कल्पना कर सकते हैं, जहां आपकी कंपनी के एचआर प्रमुख को हर महीने आपके मासिक धर्म चक्र के बारे में पता हो।''

मंत्री ने कहा कि मासिक धर्म की छुट्टी देने का फैसला दुकानों और प्रतिष्ठानों को नियंत्रित करने वाले मौजूदा कानूनों और औद्योगिक कानूनों के भी विपरीत होगा।

ईरानी ने कहा कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने के लिए भारतीय उद्योग जगत को अधिक संवेदनशील होना होगा और इसके लिए सीआईआई, फिक्की तथा एसोचैम जैसे उद्योग मंडलों को आगे आना होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)