पीएम आवास योजना में बने मकानों से कब्जा खाली कराने के दौरान महिला ने खुद को लगाई आग
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों से कब्जा खाली कराने के दौरान एक महिला ने कथित रूप से आत्मदाह कर लिया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
राजनांदगांव, 29 दिसंबर : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (Pradhan Mantri Awas Yojana) के तहत बने मकानों से कब्जा खाली कराने के दौरान एक महिला ने कथित रूप से आत्मदाह कर लिया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. राजनांदगांव जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के लखोली इलाके में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों से कब्जा खाली कराने के दौरान यास्मीन बेगम (49) ने पेट्रोल डालकर अपने शरीर में आग लगा ली जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ठाकुर ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि लखोली इलाके में नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण कराया गया है, लेकिन कुछ लोगों ने इन मकानों में अवैध कब्जा कर लिया है. उन्होंने बताया कि आज जब नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मकान खाली कराने के लिए लखोली पहुंचे तब यास्मीन मकान खाली करने से मना करने लगी. उनके अनुसार बाद में उसने पेट्रोल डालकर अपने शरीर में आग लगा ली, जिसे कुछ लोगों ने बुझाया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जब मामले की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया. उनके अनुसार महिला को भिलाई शहर के सेक्टर नौ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह भी पढ़ें : Heeraben Modi Dies: अपने तय कार्यक्रम जारी रखें, यही सही मायने में हीरा बा को श्रद्धांजलि- पारिवारिक सूत्र
उधर घटना के दौरान कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला आग के लपटों से घिरी हुई है और कुछ लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राज्य शासन का पुतला जलाया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2022 11:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

