देश

Bilaspur Accident Caught on Camera: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, रॉन्ग साइड से आए ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को रौंदा, 4 की मौत; VIDEO

बिलासपुर के रायपुर-रतनपुर हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है. तेज रफ्तार ट्रेलर ने गलत दिशा में आकर स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मारी.

Bilaspur Accident Caught on Camera: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, रॉन्ग साइड से आए ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को रौंदा, 4 की मौत; VIDEO
accident in Bilaspur (Photo Credits: X@deadlykalesh)

Bilaspur Accident Caught on Camera: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. रायपुर-रतनपुर हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रेलर ने गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रहा है.

आधी रात को हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत संबलपुरी गांव के पास हुई. रायपुर की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए विपरीत दिशा वाली लेन में घुस गया. वहां सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर एक अन्य खड़े ट्रक से टकराने के बाद सड़क पर ही पलट गया.  यह भी पढ़े: Samruddhi Expressway Car Accident: मुंबई-नागपूर समृद्धी एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, नींद की झपकी से बेकाबू हुई कार, मां-बेटे की दर्दनाक मौत

बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा

गैस कटर से काटनी पड़ी गाड़ी

हादसे के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह से पिचक गई थी और उसमें सवार पांचों लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे. सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पीड़ितों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायल को बाहर निकाला जा सका.

खुशियों के बीच छाया मातम

मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37), विशाल लहरे (25), अनमोल लहरे (14) और सोनू मिरी (28) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग पास के एक ढाबे में शादी की 25वीं सालगिरह मनाकर वापस घर लौट रहे थे. इस हादसे में जीवित बचे एकमात्र घायल प्रकाश रात्रे का इलाज फिलहाल छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CIMS) में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

पुलिस की कार्रवाई

सकरी पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस प्राथमिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या चालक नशे में था या उसे झपकी आ गई थी. फिलहाल, हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2026 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).