देश की खबरें | महिला ने पति पर लगाया 'हलाला' के लिये दबाव डालने का आरोप

लखीमपुर खीरी (उप्र), 19 जुलाई लखीमपुर खीरी जिले में एक महिला ने बुधवार को अपने ससुराल वालों पर 'हलाला' के नाम पर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब 12 साल पहले निघासन कोतवाली के एक व्यक्ति के साथ उसकी शादी के बाद से उसे तीन बार तीन तलाक का सामना करना पड़ा, जबकि उसे अपने पति के बहनोई के साथ दो बार हलाला की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

महिला ने आरोप लगाया कि शादी के दो साल बाद उसके पति ने एक लाख रुपये दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे तीन तलाक दे दिया। हालाँकि, उसने अपने जीजा के साथ 'हलाला' के बाद उससे दोबारा शादी कर ली थी। बाद में 2020 में भी उन्हें इसी सदमे से गुजरना पड़ा।

शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि इसी महीने चार जुलाई को उसके पति ने उसे फिर से तीन तलाक दे दिया। जब उसके माता-पिता ने उससे बात की, तो उसने एक बार फिर 'हलाला' पर जोर दिया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नेपाल सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

हलाला एक ऐसी प्रथा है जिसमें कोई व्‍यक्ति अपनी पत्‍नी को तलाक देने के बाद उससे तुरंत निकाह नहीं कर सकता, बल्कि परित्‍यक्‍यता को किसी दूसरे पुरुष से निकाह करके उससे शारीरिक सम्‍बन्‍ध बनाने होते हैं। उसके बाद अगर वह व्‍यक्ति उस महिला को तलाक देता है, तभी पहला पति उससे निकाह कर सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)