तिरुवनंतपुरम, 11 सितंबर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी सरकार को कांग्रेस नीत विपक्षी यूडीएफ से यौन उत्पीड़न के एक मामले में दिवंगत मुख्यमंत्री ओमन चांडी को फंसाने की कथित साजिश रचे जाने को लेकर कार्रवाई का अनुरोध प्राप्त होता है तो राज्य सरकार कानूनी तौर पर इसकी पड़ताल और आवश्यक कार्रवाई करेगी।
विजयन ने कहा कि सरकार के पास खुद से कदम उठाने के लिए कोई ठोस आधार नहीं है, लेकिन यदि विपक्ष अपने अनुरोध के साथ उन्हें साक्ष्य मुहैया कराता है तो इस पर विचार किया जाएगा।
विजयन मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष उल्लिखित सीबीआई की हालिया रिपोर्ट के मद्देनजर कथित साजिश के मुद्दे पर कांग्रेस नीत विपक्षी यूडीएफ द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे थे।
सनसनीखेज सौर पैनल घोटाले में मुख्य आरोपी की शिकायत के आधार पर राज्य की एलडीएफ सरकार के अनुरोध पर एजेंसी ने जांच शुरू की थी, जिसके संबंध में यह रिपोर्ट दाखिल की गई थी। एक दशक पहले यूडीएफ के शासनकाल में हुए इस घोटाले ने राज्य की राजनीति को हिलाकर रख दिया था।
विजयन ने कहा कि सरकार को अभी तक आधिकारिक रूप से सीबीआई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है और इसलिए वह इस मामले में किसी प्रकार की टिप्पणी करने या फिर कोई कदम उठाने की स्थिति में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि इस परिस्थिति में स्थगन प्रस्ताव को खारिज कर दिया जाना चाहिए।
इसके बाद सदन के अध्यक्ष ए. एन. शमसीर ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
कांग्रेस विधायक शफी परंबिल द्वारा यह स्थगन प्रस्ताव लाया गया था। स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान परंबिल ने आरोप लगाया कि वाम मोर्चा पिछले कुछ वर्षों से चांडी और उनके परिवार को निशाना बना रहा है और यौन उत्पीड़न मामले के संबंध में उन पर कीचड़ उछाला जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चांडी के खिलाफ लगाए गए आरोप तत्कालीन यूडीएफ सरकार को गिराने और उन्हें बदनाम करने के लिए रची गई राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं। परंबिल ने इसके लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से सार्वजनकि रूप से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने दिवंगत कांग्रेस नेता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में विजयन और उनकी सरकार की कथित भूमिका का पता लगाने के लिए जांच की भी मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY