जरुरी जानकारी | घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की थोक बिक्री अगस्त में नौ प्रतिशत बढ़ी

नयी दिल्ली, 11 सितंबर घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की थोक बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 3,59,228 इकाई रही। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अगस्त 2022 में विनिर्माताओं द्वारा डीलरों को 3,28,376 यात्री वाहनों की आपूर्ति की गई थी। यूटिलिटी (बहुपयोगी) वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 1,81,825 इकाई रही।

यात्री कार की बिक्री 10 प्रतिशत घटकर 1,20,031 इकाई रह गई, जो पिछले साल समान अवधि में 1,33,477 इकाई थी। वैन की थोक बिक्री भी 12,236 इकाइयों से घटकर 11,859 इकाई रह गई।

सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा, “पिछले महीने यात्री वाहनों और तिपहिया वाहनों की अगस्त महीने में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की गई।”

सियाम के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री 64,763 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 38,369 इकाई थी। अगस्त में दोपहिया वाहनों की बिक्री 15,66,594 इकाई रही, जो अगस्त 2022 में 15,57,429 इकाई थी।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘ दोपहिया वाहनों की बिक्री एक साल पहले के स्तर पर ही रही।’’

अगस्त 2023 में उद्योग जगत में वाणिज्यिक वाहन खंड में भी अच्छी वृद्धि देखी गई।

यात्री वाहन खंड में मारुति सुजुकी इंडिया की थोक बिक्री 16 प्रतिशत बढ़कर 1,56,114 रही, जो पिछले साल इसी महीने में 1,34,166 इकाई थी।

हुंदै मोटर इंडिया की थोक बिक्री 53,830 रही, जो अगस्त 2022 में 49,510 इकाई थी।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अनुसार, यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री अगस्त में सात प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 3,15,153 इकाई रही, जो पिछले साल अगस्त में 2,95,842 इकाई थी।

इसी तरह, दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री छह प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 12,54,444 इकाई रही, जो पिछले साल अगस्त में 11,80,230 इकाई थी।

फाडा ने पिछले सप्ताह अपनी रिपोर्ट में कहा कि तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री अगस्त में 66 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ 99,907 इकाई रही, जो अगस्त, 2022 में 60,132 इकाई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)