देश की खबरें | कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के बीच कई राज्यों में सप्ताहांत लॉकडाउन, नागपुर में जनता कर्फ्यू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिये शनिवार को कई राज्यों में सप्ताहांत लॉकडाउन लागू रहा।
नयी दिल्ली/नागपुर/कोलकाता, 25 जुलाई देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिये शनिवार को कई राज्यों में सप्ताहांत लॉकडाउन लागू रहा।
एक दर्जन से अधिक राज्य आर्थिक गतिविधियों में जान फूंकने और संक्रमण के मामलों पर काबू पाने के मद्देनजर आंशिक लॉकडाउन का विकल्प चुन चुके हैं। हालांकि बिहार में 16 जुलाई से और मणिपुर में 23 जुलाई राज्यव्यापी लॉकडाउन लागू है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि के चलते 10 दिन का लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इसके अलावा पूरे राज्य में हर रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जाता है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में सोमवार सुबह तक के लिये पूर्ण लॉकडाउन लागू है। इसके अलावा राज्य में हर शनिवार को पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जा रहा है।
यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: देवेंद्र फडणवीस ने सीएम उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र, मुंबई में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने की मांग की.
तमिलनाडु में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 6,988 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 2,06,737 हो गई है। राज्य के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सप्ताहंत लॉकडाउन लागू किया गया। उत्तराखंड के चार जिलों देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधमसिंह नगर में इस महीने दूसरी बार ऐसी ही पाबंदियां लागू की गईं। इन जिलों में 18 जुलाई से संक्रमण के 1348 मामले सामने आ चुके हैं।
पश्चिम बंगाल में एक सप्ताह में दो बार लॉकडाउन लगाए जाने के तहत सभी दुकानें तथा परिवहन बंद रहा।
जम्मू में शुक्रवार शाम से 6 बजे से 60 घंटे का लॉकडाउन लागू है। वहीं कश्मीर में बांदीपुरा को छोड़कर बृहस्पतिवार से छह दिवसीय पूर्ण लॉकडाउन लागू है।
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में निगम अधिकारियों ने शनिवार और रविवार को जनता कर्फ्यू लागू करने का ऐलान कर रखा है। इस दौरान केवल जरूरी सामानों की आपूर्ति की ही अनुमति है। राज्य में संक्रमण के अब तक 3.5 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि वह केवल आर्थिक चिंताओं को दूर करने के लिये पूरी तरह से कोरोना वायरस पाबंदियां हटाने के पक्ष में नहीं हैं। शिवसेना के मुखपत्र सामना को दिये साक्षात्कार में उन्होंने यह बात कही।
नगालैंड की राजधानी कोहिमा में 31 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन लागू है। दीमापुर में रविवार से दो अगस्त तक लॉकाडाउन लागू किया जाएगा।
मेघालय सरकार ने 26 से 29 जुलाई के बीच शिलांग में पूर्ण लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की है।
छत्तीसगढ़ में बुधवार को रायपुर और बीरगांव के अलावा 20 अन्य शहरी निकायों की निगम सीमा में बुधवार से सात दिन का लॉकडाउन लागू है।
लॉकडाउन के दौरान पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बंद है।
इसके अलावा राज्य में कई तरह की पाबंदियां लागू हैं।
कर्नाटक में इस महीने रविवार को लॉकडाउन लागू किया जा रहा है। बेंगलुरु में एक सप्ताह का लॉकडाउन 22 जुलाई को खत्म हो गया।
ओडिशा में संक्रमण के अब तक 22,693, जम्मू-कश्मीर में 16,782, केरल में 16995 और पंजाब में 12,216 मामले सामने आ चुके हैं।
गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण के 180 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 25,529 हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2020 10:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

