देश की खबरें | हथियार जब्ती मामला : एनआईए ने श्रीनगर में संपत्ति कुर्क की

श्रीनगर, छह जनवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने हथियार जब्ती मामले में शनिवार को जम्मू-कश्मीर में एक आवासीय मकान को कुर्क किया। जांच एजेंसी ने यह जानकारी दी।

एनआईए ने एक बयान में बताया कि यह मकान श्रीनगर के चनापोरा इलाके के खान कॉलोनी में स्थित है और आमिर मुश्ताक गनी नामक व्यक्ति का है।

बयान में कहा गया है, ‘‘इस संपत्ति को हथियारों और गोला-बारूद की बरामदगी के संबंध में दर्ज मामले-आरसी-4/2022/एनआईए/जेएमयू के संबंध में कुर्क किया गया है।’’

इसमें दावा किया गया है कि आरोपी ने आतंकवादी गतिविधियों से अर्जित आय का इस्तेमाल देश के खिलाफ साजिश रचने के लिए किया।

बयान में कहा गया है कि गनी और उसके सहयोगी प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के सदस्य हैं। इसमें कहा गया है कि वे पाकिस्तान में मौजूद अपने आकाओं या लश्कर-ए-तैयबा के कमांडरों से जुड़े थे।

एजेंसी ने कहा कि यह मामला जम्मू कश्मीर में सक्रिय पाकिस्तान के मॉड्यूल द्वारा ड्रोन से हथियार और पैसे गिराने से जुड़ी एक बड़ी साजिश से जुड़ा है।

बयान में कहा गया है कि मामले के सरगना फैसल मुनीर को एनआईए पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और इसके खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

एजेंसी ने कहा कि हथियार और गोला-बारूद के अलावा, एनआईए जांचकर्ताओं ने कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की थी।

बयान में कहा गया है कि आरोपी लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे, जिससे भारत की सुरक्षा, अखंडता और संप्रभुता को खतरा था।

शुरुआत में चनापोरा पुलिस थाने ने मई, 2022 में मामला दर्ज किया था और बाद में एजेंसी ने इस मामले को अपने हाथ में ले लिया था और 18 जून, 2022 को इसे एनआईए की जम्मू शाखा कार्यालय में फिर से पंजीकृत किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)