गुवाहाटी, 29 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नव नियुक्त राष्ट्रीय महासचिव कामाख्या प्रसाद तासा ने शनिवार को कहा कि वह पार्टी के लिए पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और प्रतिबद्धता से काम करेंगे।
राज्यसभा सदस्य तासा ने कहा कि असम के लोगों और पार्टी के लिए बहुत कुछ करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह पद मिलने पर खुश हूं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और राज्य की जनता को धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।’’
तासा ने कहा कि उन्होंने बिना किसी पद की लालसा किए बिना पार्टी के लिए काम किया।
शर्मा ने तासा की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में संगठन और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ असम के सहयोगी कामाख्या तासा जिन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया सहित भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को हृदय से बधाई।’’
तासा (48) चाय आदिवासी समुदाय के प्रमुख चेहरा है जो पहली बार जोरहाट लोकसभा सीट से 2014 में निर्वाचित हुए थे। वह जून 2019 को मनमोहन सिंह का कार्यकाल खत्म होने के बाद राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY