विदेश की खबरें | हम यूक्रेन की राजधानी के आसपास अभियान में कटौती करेंगे: रूस

उन्होंने कहा कि रूसी बल कीव और चेर्नीहीव की दिशा में सैन्य गतिविधियों में कटौती करेंगे।

तुर्की में मंगलवार को रूस और यूक्रेन के वार्ताकारों के बीच हो रही आमने-सामने की बातचीत के दौरान फोमिन का ये बयान सामने आया है। पिछले दौर की वार्ताएं विफल रहने के बाद रूस के इस बयान से ताजा बातचीत में सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।

रूस द्वारा 24 फरवरी को यूक्रेन पर शुरू किए गए हमले के बाद पहली बार है, जब रूस ने कुछ नरमी के संकेत दिए हैं।

पिछले सप्ताह के अंत में और मंगलवार को ऐसे संकेत मिले कि रूस अपने युद्ध के लक्ष्यों में कटौती करना चाहता है क्योंकि रूस ने कहा है कि अब उसका ''प्रमुख लक्ष्य'' पूर्वी यूक्रेन के डोनबास प्रांत को अपने नियंत्रण में लेना है।

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि उन्हें कुछ भी ऐसा दिखाई नहीं देता, जिससे महसूस हो कि वार्ता ''रचनात्मक तरीके'' से आगे बढ़ रही है। उन्होंने रूसी बलों को पीछे हटाने के संकेत को मॉस्को द्वारा लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास करार दिया।

ब्लिंकन ने मोरक्को में कहा, ''एक तरफ वो है जो रूस कहता है और दूसरी तरफ, वो है जो रूस करता है और हम दूसरे हिस्से पर ध्यान केंद्रित करते हैं। रूस जो कर रहा है, वो यूक्रेन को लगातार तबाह करने वाला है।''

इस बीच, रूस और यूक्रेन के बीच मंगलवार को तुर्की में आमने-सामने की वार्ता शुरू हुई। इसके साथ ही उम्मीद लगायी जा रही है कि युद्ध समाप्त किए जाने पर कोई सहमति बन सकती है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार ने कहा कि इस्तांबुल में हो रही बैठक के दौरान युद्धविराम पर सहमति के साथ ही यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

इससे पहले भी दोनों देशों के वार्ताकारों के बीच हुई अन्य दौर की बातचीत में भी इन मुद्दों पर जोर रहा था। हालांकि, वार्ता असफल रही थी।

वार्ता से पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को की मांग के अनुसार उनका देश अपनी तटस्थ स्थिति की घोषणा करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि वह डोनबास प्रांत को लेकर भी समझौते पर विचार करने को तैयार हैं।

हालांकि, जेलेंस्की ने कहा कि वार्ताकारों के बातचीत के लिए एकत्र होने के बावजूद ''निर्मम युद्ध'' जारी है।

वहीं, रूसी बलों ने पश्चिमी यूक्रेन स्थित एक तेल डिपो को और दक्षिण में एक सरकारी इमारत को निशाना बनाया है।

तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने कहा कि दोनों पक्षों पर लड़ाई रोकने की ''ऐतिहासिक जिम्मेदारी'' है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युद्ध का लंबा चलना किसी के भी हित में नहीं है।

जेलेंस्की ने सोमवार देर रात कहा था कि यूक्रेनी बलों ने राजधानी कीव के उत्तर-पश्चिम स्थित प्रमुख उपनगर इरपिन को दोबारा अपने नियंत्रण में ले लिया है।

जेलेंस्की ने वीडियो संदेश में कहा, '' हमे अब भी लड़ना होगा, हमे सहन करना होगा। यह निर्मम युद्ध हमारे देश, हमारे लोगों और हमारे बच्चों के खिलाफ है।''

इस बीच, तुर्की के विदेश मंत्री ने मंगलवार को कहा कि वार्ता में सार्थक प्रगति हुई और दोनों पक्षों ने कुछ मुद्दों पर आम सहमति जतायी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)