छत्रपति संभाजीनगर, 11 मार्च महाराष्ट्र के बीड जिले में सरपंच हत्याकांड में मृतक संतोष देशमुख के भाई धनंजय देशमुख ने कहा कि उनके परिवार को उम्मीद है कि हत्यारों को मृत्युदंड दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि हत्या के सिलसिले में एक और प्राथमिकी दर्ज किये जाने की संभावना है।
बीड जिले के मसाजोग गांव के सरपंच देशमुख की पिछले वर्ष दिसंबर में अगवा कर बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी।
पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य आरोपी कृष्णा अंधाले अब भी फरार है।
बीड जिले से ताल्लुक रखने वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता धनंजय मुंडे ने चार मार्च को खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
सरपंच हत्या मामले में आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) द्वारा दायर आरोपपत्र में मुंडे के प्रमुख सहयोगी वाल्मिक कराड को इस हत्याकांड का ‘मास्टरमाइंड’ बताया गया था।
धनंजय देशमुख ने हत्या के इस मामले की जांच से संतुष्ट होने को लेकर पूछे गये एक सवाल पर कहा, “संतोष देशमुख हत्या मामले में अदालत का फैसला तय करेगा कि हम संतुष्ट हैं या नहीं। हमें उम्मीद है कि आरोपियों को मृत्युदंड मिलेगा। फिर हम जांच पर अपनी संतुष्टि के बारे में बात करेंगे।”
उन्होंने कहा, “कल (बुधवार) तक हमें आरोपपत्र तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में पता चलेगा। लेकिन मुझे पता चला है कि हत्या मामले में एक और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा हम इस बारे में जांच एजेंसियों से चर्चा करेंगे।”
देशमुख ने कहा कि जिन लोगों ने जानकारी (अपराध और अपराधियों से संबंधित) छिपाने की कोशिश की, उनके नाम इस प्राथमिकी में शामिल किए जा सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY