हम कभी रूढ़िवादी नहीं रहे, टी20 में नए रवैये से कभी कभार असफलताएं भी मिलती हैं: रोहित शर्मा
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अपनाए गए निर्भीक रवैए से टीम को कभी कभार असफलताएं मिलेंगी लेकिन उन्होंने इससे इनकार किया कि पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए टी20 विश्व कप के दौरान टीम ने रूढ़िवादी रवैया अपनाया था.
टरूबा (त्रिनिदाद और टोबैगो), 29 जुलाई : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का मानना है कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अपनाए गए निर्भीक रवैए से टीम को कभी कभार असफलताएं मिलेंगी लेकिन उन्होंने इससे इनकार किया कि पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए टी20 विश्व कप के दौरान टीम ने रूढ़िवादी रवैया अपनाया था. रोहित ने कहा कि नए रवैये से खिलाड़ियों को अधिक स्वतंत्रता मिली है जिससे कि विश्वकप के निराशाजनक अभियान के बाद टीम को सफलताएं मिली. भारत विश्वकप में दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाया था. रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैचों की श्रृंखला से पूर्व कहा, ‘‘हम पिछले विश्वकप में अनुकूल परिणाम हासिल नहीं कर पाए थे लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हमने इतने वर्षों में खराब क्रिकेट खेली और मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि हम रूढ़िवादी क्रिकेट खेल रहे थे. यदि हम विश्व कप में एक या दो मैच हारते हैं इसका मतलब यह नहीं कि हमने मौकों का फायदा नहीं उठाया.’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप विश्वकप से पहले हमारे प्रदर्शन को देखें तो हमने लगभग 80 प्रतिशत मैच जीते. अगर हमने रूढ़िवादी तरीका अपनाया तो फिर हम इतने मैच कैसे जीत सकते थे. यह सही है कि हम विश्वकप में हार गए थे, लेकिन ऐसा होता है. इसका मतलब यह नहीं है कि हम खुलकर नहीं खेल रहे थे.’’ रोहित ने कहा, ‘‘ बाद में हमने कोई बदलाव नहीं किया. हम पहले की तरह ही खेल रहे थे लेकिन खिलाड़ियों को अपना नैसर्गिक खेल खेलने के लिए अधिक छूट दी गई थी. खुलकर खेलो और किसी तरह का बेवजह दबाव मत लो. यदि आप खुलकर खेलते हैं तो प्रदर्शन में वह दिखेगा.’’ यह भी पढ़ें :Commonwealth Games 2022 India Day 1 Schedule: बैडमिंटन में आज होगा India-Pakistan का मुकाबला, जानें राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन भारत का कार्यक्रम
रोहित ने कहा कि भारतीय टीम और उसके प्रशंसकों को इस तरह के बदलावों के साथ आगे बढ़ना होगा. उन्होंने कहा, ‘‘ हम अभी जिस तरह की क्रिकेट खेल रहे हैं उसमें कभी कभार असफलताएं मिलना लाजमी है लेकिन इसमें कोई परेशानी नहीं क्योंकि हम कुछ सीख रहे हैं और कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं.’’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘इसलिए इसमें गलतियों की थोड़ी गुंजाइश है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हमारे खिलाड़ी खराब खेल रहे हैं. इसका मतलब है कि हम कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं. समय के साथ हर किसी को बदलना पड़ता है और हम बदलाव कर रहे हैं और मुझे लगता है कि बाहर बैठे लोगों को भी अपनी सोच में बदलाव लाने की जरूरत है.’’
रोहित ने कहा है कि इस साल के आखिर में आस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी-20 विश्व कप के लिए टीम लगभग तय है और अब केवल कुछ स्थानों पर ही फैसला लिया जाना बाकी है. उन्होंने कहा, ‘‘ टीम में कुछ स्थान है जिनको अभी भरना है और हम जानते हैं कि इन स्थानों को भरने के लिए हमें क्या करना होगा. अभी हम जो मैच खेल रहे हैं उनमें इन चीजों पर ध्यान दे रहे हैं.’’ रोहित ने कहा, ‘‘हम जो भी श्रृंखला खेल रहे हैं वह महत्वपूर्ण है. निश्चित तौर पर विश्व कप पास में है लेकिन भारत के लिए आप जो भी श्रृंखला खेलते हो वह अहम होती है. हमने इंग्लैंड में जो हासिल किया, वह अहम था और हम उसे ही आगे बढ़ाना चाहते हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2022 11:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

