भुवनेश्वर, 24 अप्रैल भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की। राज्य में कई स्थानों पर पारा के 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो जाने के बीच यह चेतावनी जारी की गयी है।
राज्य के सुंदरगढ़, संबलपुर, सोनपुर, बौध, बोलनगीर और बरगढ़ जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है वहीं कालाहांडी, नुआपाड़ा, देवगढ़ और अंगुल जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
आईएमडी ने कहा कि बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, क्योंझरगढ़ और ढेंकनाल में मौसम गर्म रहेगा।
आईएमडी के अनुसार संबलपुर, सुंदरगढ़, बोलनगीर और मयूरभंज में रात में तापमान अधिक रहेगा।
आईएमडी ने लोगों को लंबे समय तक धूप में नहीं रहने, पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच बाहर जाते समय सिर को ढकने, गीले कपड़े, टोपी या छाते का उपयोग करने की सलाह दी है।
इसने कहा है कि पशुओं को ठंडे और छायादार स्थानों पर रखें तथा उनके लिए पीने के पानी की व्यवस्था करें।
आईएमडी ने कहा, ‘‘शराब, चाय, कॉफी और ऐसे ‘कार्बोनेटेड’ शीतल पेय से बचें जिनसे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। अधिक प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन नहीं खाएं।’’
राज्य के पश्चिमी भाग में स्थित झारसुगुड़ा शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद टिटलागढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस, बौध और संबलपुर जिलों में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य 12 स्थानों पर भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY