देश की खबरें | महाराष्ट्र के बीड में सोमवार को विनायक मेटे का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा

बीड/मुंबई, 14 अगस्त शिव संग्राम पार्टी के नेता और महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) के पूर्व सदस्य विनायक मेटे का सोमवार दोपहर राजकीय सम्मान के साथ बीड शहर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक अधिकारी ने रविवार रात यह जानकारी दी।

मेटे के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से एंबुलेंस में मुंबई से बीड ले जाया जाएगा।

शिव संग्राम पार्टी ने कहा कि उनके पार्थिव शरीर को सोमवार सुबह आठ बजे से साढ़े दस बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

दोपहर में एक अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगा और स्वतंत्रता दिवस के आधिकारिक कार्यक्रमों के समापन के बाद शाम लगभग चार बजे राजकीय सम्मान के साथ मेटे का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पार्टी के मुताबिक, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और अन्य नेताओं के मेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है।

पुलिस ने बताया कि विनायक मेटे (52) की कार रायगढ़ जिले में मदप सुरंग के पास मुंबई-पुणे राजमार्ग पर एक ट्रक के पीछे टकरा गयी, जिसमें उनकी मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में मेटे का चालक और उनके साथ मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)