देश की खबरें | विजयन विमान विवाद: इंडिगो ने तीन लोगों के यात्रा करने पर लगाया प्रतिबंध

दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 18 जुलाई विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने विमान में हाथापाई करने के मामले में केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चे के संयोजक ई. पी. जयराजन और युवा कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं पर एक तय अवधि के लिए उसके विमान में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

गौरतलब है कि 13 जून को इंडिगो के विमान ने कन्नूर से उड़ान भरी थी। इसमें मुख्यमंत्री पिनराई विजयन भी सवार थे और कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की थी। विमान के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर उतरते ही, विमान में सवार जयराजन ने कथित तौर पर दो प्रदर्शनकारियों को धक्का देकर परे हटाया था।

सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन ने मामले की जांच के लिए एक आंतरिक समिति का गठन किया था, जिसने घटना में शामिल तीनों लोगों के विमान में यात्रा करने पर कम से कम दो सप्ताह का प्रतिबंध लगा दिया है।

सूत्रों ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उड़ान भरने पर दो सप्ताह का प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, जयराजन पर कितने समय के लिए प्रतिबंध लगाया गया है, इसकी कोई जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। हालांकि, कुछ खबरों में दावा किया गया है कि जयराजन पर तीन सप्ताह का प्रतिबंध लगाया गया है।

‘इंडिगो’ की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछले महीने कहा था कि उनका मंत्रालय कन्नूर-तिरुवनंतपुरम उड़ान में हुई घटना के संबंध में उचित कार्रवाई करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)