देश की खबरें | उत्तरकाशी में पशु चिकित्साधिकारी रिश्वत लेती रंगे हाथों गिरफ्तार

उत्तरकाशी, 18 जनवरी सतर्कता विभाग ने उत्तरकाशी जिले के नौगांव की पशु चिकित्साधिकारी को बुधवार को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

डॉ. मोनिका गोयल को पशु चिकित्सालय कार्यालय नौगांव से सतर्कता विभाग ने उस समय गिरफ्तार किया जब वह शिकायतकर्ता से आठ हजार रुपये की रिश्वत ले रही थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायकर्ता ने 12 जनवरी को भ्रष्टाचार निरोधी हैल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुसूचित जाति और जनजाति की गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली महिलाओं को बकरी पालन योजना में मिलने वाले सरकारी अंशदान का चैक देने के एवज में डॉ. गोयल आठ हजार रुपये की रिश्वत मांग रही हैं।

शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान, देहरादून की पुलिस अधीक्षक रेनू लोहानी द्वारा गोपनीय रूप से आरोपों की जांच कराई गयी जो प्रथमदृष्टया सही पाए गए।

इसके बाद एक टीम का गठन किया गया और पशु चिकित्साधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। डॉ. गोयल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)