देश की खबरें | इंदिरा की हत्या से बहुत दुखी थी, लेकिन समाचार तो पढ़ना ही था : सलमा सुल्तान

नयी दिल्ली, छह मार्च टीवी के ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ दौर से अपने करियर की शुरुआत करने वाली टीवी एंकर सलमा सुल्तान के लिए 31 अक्टूबर, 1984 उनके करियर का सबसे मुश्किल दिन था, जब उन्हें देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की खबर पढ़नी पड़ी थी।

दूरदर्शन पर प्राइम टाइम में प्रसारित होने वाले समाचार की महत्वपूर्ण एंकर सुल्तान का कहना है कि खबर मिलने पर वह बेहद भावुक हो गयी थीं, लेकिन अपने पेशे का मान रखते हुए उन्होंने बेहद सलीके से अनुशासन के साथ समाचार पढ़ा।

सुल्तान इस महीने 75 साल की हो जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पहले आयोजित कार्यक्रम ‘वीमेन पावर’ में देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी ने सुल्तान को सम्मानित किया।

करीब चार दशक पुराने समाचार को याद करते हुए सुल्तान ने कहा, ‘‘दफ्तर में हम सभी सदमे में थे, सभी दुखी थे। लेकिन, न्यूजरूम में, हमें अनुशासन में रहते हुए बिना किसी पक्षपात के समाचार पढ़ना था और मैंने उन हालात में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया।’’

तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके दो अंगरक्षकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। नयी दिल्ली के 1, सफदरजंग रोड स्थित उनके सरकारी आवास पर 31 अक्टूबर, 1984 की सुबह उन्हें गोली मारी गयी थी।

इंदिरा को तत्काल एम्स, दिल्ली ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। देश की पहली महिला प्रधानमंत्री, ‘आयरन लेडी’ की मौत हो गई।

एक कार्यक्रम से इतर पीटीआई- के साथ साक्षात्कार में सुल्तान ने कहा कि अब वह समाचार नहीं देखती/सुनती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)