जरुरी जानकारी | वाहन डीलर को भी वाहन ‘स्क्रैपिंग’ सुविधाएं खोलनी चाहिए: नितिन गडकरी

नयी दिल्ली, 14 सितंबर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वाहन के डीलर को भी वाहन ‘स्क्रैपिंग’ सुविधाएं खोलनी चाहिए।

पांचवें ‘ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि सरकार एक सर्कुलर अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित कर रही है। इससे सरकार डीलर को वाहन ‘स्क्रैपिंग’ सुविधाएं शुरू करने की अनुमति देगी।

उन्होंने कहा कि भारत वैकल्पिक ईंधन तथा जैव ईंधन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित कर रहा है। सरकार भारत को हरित हाइड्रोजन का सबसे बड़ा निर्माता बनाने के लिए काम कर रही है।

मंत्री ने बताया कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। वाहन डीलर भारत को 5000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि भारत यात्री वाहनों का चौथा सबसे बड़ा निर्माता और वाणिज्यिक वाहनों का छठा सबसे बड़ा निर्माता है।

गडकरी ने कहा कि उनका सपना भारत को दुनिया का शीर्ष वाहन केंद्र बनाना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)