देश की खबरें | वाराणसी : प्रधानमंत्री मोदी ने क्रूज पर बैठकर गंगा आरती देखी

वाराणसी, 13 दिसंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम क्रूज पर उत्तर प्रदेश और अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भव्य गांगा ‘‘आरती’’ देखी।

वाराणसी शहर में यह उनका तीसरा कार्यक्रम था। इससे पहले मोदी ने काल भैरव मंदिर के दर्शन किए और उसके बाद काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण किया।

प्रधानमंत्री मोदी गंगा नदी के किनारे होने वाली आरती को देखने के लिए संत रविदास घाट से स्वामी विवेकानंद क्रूज (जहाज) पर सवार हुए। इस मौके पर घाटों पर हजारों दीपक जगमगा रहे थे।

प्रधानमंत्री के साथ क्रूज पर सवार होने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल थे।

प्रधानमंत्री और आरती को देखने के लिए विभिन्न घाटों पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। क्रूज जब दश्वामेध घाट पर रुका तो लोगों ने ‘हर हर महादेव’ का जयघोष किया। पुरोहितों के मंत्रोच्चारण, घंटियों की आवाज और शंख नाद से पूरा माहौल आध्यात्मिक था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)