देश की खबरें | कानपुर में बैंक के लॉकर से करोड़ों रुपये के कीमती सामान गायब, मामला दर्ज

कानपुर (उत्तर प्रदेश), आठ अप्रैल कानपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कराची खाना शाखा के नौ ग्राहकों ने बताया है कि उनके लॉकर से करोड़ों रुपये का कीमती सामान गायब हो गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में तीन प्राथमिकियां दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) प्रमोद कुमार ने बताया कि फीलखाना पुलिस थाने में अब तक नौ लोगों के मामले सामने आये और इसके आधार पर शाखा के कुछ बैंक कर्मचारियों सहित कई लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है और उनसे सच्चाई का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है।

बैंक लॉकर से कीमती सामान गायब होने का मामला 14 मार्च को सामने आया, जब ग्राहकों में से एक मंजू भट्टाचार्य ने अपने लॉकर की जांच की। इसके बाद अन्य ग्राहक सीता गुप्ता के कीमती सामान गायब होने की शिकायत सामने आई।

उन्होंने कहा कि जब स्थानीय अखबारों में इस संबंध में खबर छपी तो अन्य ग्राहक भी बैंक पहुंचे, जिनमें से सात अन्य ने लॉकर में रखे अपने अपने सामान गायब पाया।

डीसीपी ने कहा कि कीमती सामानों का कुल मूल्य स्पष्ट रूप से 2.5 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने कहा कि बैंक ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और लखनऊ से फील्ड महाप्रबंधक के नेतृत्व में एक टीम विभागीय जांच शुरू करने के लिए यहां पहुंची है।

डीसीपी ने कहा कि ग्राहकों मंजू भट्टाचार्य, सीता गुप्ता, शकुंतला देवी, पंकज गुप्ता, वैभव माहेश्वरी, निर्मला, मीना यादव और दो अन्य ने अपने लॉकर की जांच की और बताया कि लाकर से उनके आभूषण गायब थे। उनमें से कुछ ग्राहकों ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने लाकर खोलने की कोशिश की तो चाबियां काम नहीं कर रही थीं और विशेषज्ञों को लॉकर खोलना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)