देहरादून, 20 सितंबर कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है और कहा कि हाल ही में हुए फेरबदल में जनाधार वाले कई वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं को इससे बाहर रखा गया।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में अभिषेक सिंह ने मांग की कि उनकी जगह किसी वरिष्ठ नेता को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि वह पार्टी की सेवा करना जारी रखेंगे।
पार्टी ने अभी कुछ दिन पहले ही पीसीसी सदस्यों की नयी सूची जारी की थी।
हालांकि, अभिषेक ने समिति में उन्हें जगह देने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया, लेकिन कहा कि सूची से पार्टी के वरिष्ठ और मेहनती कार्यकर्ताओं को बाहर रखे जाने से कांग्रेसजनों में आक्रोश है।
उन्होंने कहा, ‘‘सोनिया जी तथा राहुल जी के हाथ मजबूत करने के लिए कांग्रेस को और मजबूत होने की जरूरत है।’’
अभिषेक ने कहा कि वह अपने दादा गुलाब सिंह और पिता प्रीतम सिंह की तरह कांग्रेस के लिए काम करते रहेंगे।
विधानसभा में चकराता सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रीतम सिंह 2017-2021 तक पीसीसी अध्यक्ष थे। इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद उन्हें सदन में विपक्ष का नेता भी बनाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY