Uttar Pradesh Shocker: प्रयागराज के संगम क्षेत्र में सूटकेस से महिला का शव बरामद, बेटे को पकड़ा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के संगम क्षेत्र में एक सूटकेस से एक महिला का शव बरामद किया है और उसके बेटे को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
प्रयागराज, 15 दिसंबर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के संगम क्षेत्र में एक सूटकेस से एक महिला का शव बरामद किया है और उसके बेटे को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (नगर) दीपक भूकर ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब दारागंज थाने की पुलिस संगम क्षेत्र में गश्त कर रही थी तो उन्हें सूटकेस लिये एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा और पूछताछ में उसने अपना नाम हिमांशु बताया, जो बिहार के गोपालगंज का मूल निवासी है.
उन्होंने बताया कि सूटकेस की जांच करने पर एक महिला का शव मिला. भूकर ने बताया कि इस बारे में सख्ती से पूछताछ करने पर हिमांशु ने बताया कि वह उसकी मां प्रतिमा देवी (42) का शव है. पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘हिमांशु हरियाणा के हिसार जिले के आर्य नगर में अपनी मां के साथ रहता था और उसकी मां एक मिल में काम करती थी.उसने मां से पांच हजार रुपये मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं देने पर उसने 13 दिसंबर को अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी.’’
उन्होंने कहा, ‘‘हिमांशु उसी दिन शाम को शव को सूटकेस में भरकर ट्रेन से प्रयागराज आ गया और संगम क्षेत्र में शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था.’’मामले में भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. भूकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हरियाणा पुलिस को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 15, 2023 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

