Thane Traffic: उल्हासनगर में ट्रैफिक जाम के बीच ऑटो में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई डिलीवरी; VIDEO
उल्हासनगर के कैंप नंबर 3 स्थित सेक्शन 20 की रहने वाली हारिकला थापा को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी. घर के आसपास तुरंत कोई अन्य वाहन उपलब्ध न होने के कारण परिजनों ने उन्हें ऑटो रिक्शा से मध्यवर्ती अस्पताल ले जाने का फैसला किया.
Thane Traffic: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में ट्रैफिक जाम की वजह से एक गर्भवती महिला को ऑटो रिक्शा में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा. 30 वर्षीय हारिकला थापा को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन सरकारी मध्यवर्ती अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में भीषण जाम के कारण रिक्शा 20 मिनट तक फंसा रहा. अस्पताल से महज कुछ दूरी पर ही महिला ने ऑटो के भीतर ही नवजात को जन्म दे दिया. घटना के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को सुरक्षित और स्वस्थ बताया है.
अस्पताल के करीब 20 मिनट तक फंसा रहा ऑटो रिक्शा
उल्हासनगर के कैंप नंबर 3 स्थित सेक्शन 20 की रहने वाली हारिकला थापा को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी. घर के आसपास तुरंत कोई अन्य वाहन उपलब्ध न होने के कारण परिजनों ने उन्हें ऑटो रिक्शा से मध्यवर्ती अस्पताल ले जाने का फैसला किया. यह भी पढ़े: मुंबई: डोंबिवली स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, रेलवे की 'एक रुपये' क्लिनिक ने कराई नॉर्मल डिलीवरी
ऑटो में महिला ने दिया बच्चे को जन्म
सेवा सदन क्षेत्र और न्यू एरा इलाके के मयूर होटल के बीच ऑटो रिक्शा भीषण ट्रैफिक जाम में फंस गया. साथ में मौजूद रिश्तेदार लक्ष्मी थापा के अनुसार, करीब 20 मिनट तक वाहन बिल्कुल आगे नहीं बढ़ सका. इस दौरान महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ती गई और आखिरकार अस्पताल पहुंचने से ठीक पहले ही ऑटो में डिलीवरी हो गई.
डॉक्टरों की तत्परता से सुरक्षित हैं मां और बच्चा
घटना के तुरंत बाद ऑटो को मध्यवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बिना देरी किए स्थिति को संभाला. चिकित्सा दल ने तुरंत मां और नवजात शिशु की जांच की और उन्हें आवश्यक प्राथमिक उपचार देकर वार्ड में भर्ती कर लिया. डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है.
एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं पर बढ़ता संकट
इस घटना ने उल्हासनगर शहर में दिन-ब-दिन बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़कों पर होने वाले जाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण, निर्माण कार्य और अनियंत्रित पार्किंग के कारण अक्सर लंबे जाम लग जाते हैं.
इस तरह के ट्रैफिक जाम के कारण एम्बुलेंस और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को ले जा रहे वाहनों को भारी देरी का सामना करना पड़ता है, जो किसी भी मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2026 06:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

