देश की खबरें | उत्तर प्रदेश : ‘अग्निपथ्’ के विरोध में प्रदर्शन जारी, जौनपुर में बसों को फूंका, अबतक 340 गिरफ्तार

लखनऊ, 18 जून सशस्त्र बलों में भर्ती की की नयी 'अग्निपथ' योजना के विरोध में शनिवार को भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से प्रदर्शन की खबरें आईं। वहीं, पुलिस ने इन हिंसक प्रदर्शनों के मामले में अब तक 29 अभियोग पंजीकृत कर कुल 340 लोगों को गिरफ्तार किया है।

योजना के खिलाफ शनिवार को जौनपुर में प्रदर्शनकारियों ने राज्य परिवहन निगम की बसों को आग के हवाले कर दिया तथा पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की। कन्नौज से भी प्रदर्शन की खबर है।

इसके पहले शुक्रवार को भी प्रदेश के बलिया, गोरखपुर, देवरिया, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और अलीगढ़ जिलों में 'अग्निपथ' योजना के विरोध में युवाओं ने हिंसक प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि 16 जून के बाद से अब तक 12 जिलों में कुल 29 अभियोग पंजीकृत किये गये हैं और कुल 340 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

कुमार ने बताया कि 340 गिरफ्तार लोगों में 195 ऐसे हैं जिनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत है, जबकि सीआरपीसी की धारा-151 (पुलिस अधिकारी इस धारा के तहत ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर सकता है, जिनसे शांति व्यवस्था को खतरा हो सकता है) के तहत 145 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

कुमार ने बताया कि हिंसक प्रदर्शन में जौनपुर जिले में सात, अलीगढ़ और मथुरा में चार-चार, मिर्जापुर, बलिया में दो-दो, वाराणसी कमिश्नरेट में चार तथा फिरोजाबाद, आगरा, चंदौली देवरिया, गोरखपुर जिले और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में एक-एक अभियोग पंजीकृत किये गये हैं।

एडीजी कुमार के मुताबिक अभियोग के तहत गौतमबुद्ध नगर में 15 और वाराणसी कमिश्‍नरेट में 36, मिर्जापुर में 20, जौनपुर में 41, चंदौली में पांच और अलीगढ़ में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा मथुरा में अभियोग के तहत 43 और 151 सीआरपीसी में 27 गिरफ्तारी हुई है। उन्‍होंने बताया कि बलिया में सीआरपीसी की धारा-151 के तहत सर्वाधिक 109 और आगरा में नौ लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

केंद्र की 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ शनिवार को जौनपुर और कन्नौज से विरोध प्रदर्शन की खबरें आईं और जौनपुर में प्रदर्शनकारियों ने राज्य परिवहन निगम की बसों को आग के हवाले कर दिया तथा पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की।

जौनपुर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह ही सैकड़ों की संख्या में युवक सड़कों पर उतर गए। जौनपुर-प्रयागराज राजमार्ग पर लाला बाजार स्थित शिवगुलाम गंज तिराहे पर प्रदर्शनकारियों ने दो रोडवेज बस, एक पुलिस की गाड़ी समेत कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुबह साढ़े नौ बजे प्रदर्शनकारियों ने एक और बस और एक जीप में आग लगा दी।

लाल बाजार में कई बाइकों में भी आग लगा दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़ कर शांति बहाली की।

वहीं पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बदलापुर-सिंगरामऊ के बीच कुछ उपद्रवियों ने लखनऊ जा रही बस को रोक कर उसमें तोड़फोड़ की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)