देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: सड़क हादसे में पुलिस के उपनिरीक्षक की मौत

जौनपुर, आठ फरवरी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक सड़क हादसे में पुलिस के एक उपनिरीक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज के पास टेकारी मोड़ पर यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव प्रतापगढ़ जिले के देहात कोतवाली में तैनात थे।

अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाने के पुलिस अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी सिकरारा थाने पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक (देहात) शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया गाजीपुर जिले के रहने वाले शेषनाथ यादव (35) 2016 में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हुए थे और मौजूदा समय मे वह प्रतापगढ़ जिले के देहात कोतवाली में तैनात थे।

उन्होंने बताया कि शनिवार तड़के पांच बजे शेषनाथ अपनी स्विफ्ट कार से जौनपुर की तरफ से प्रतापगढ़ जा रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि सिकरारा थानाक्षेत्र के टेकारी मोड़ के पास सम्भवतः अचानक नींद आने के कारण शेषनाथ का नियंत्रण कार पर से खो गया और उनका वाहन पेड़ से टकरा गया।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में शेषनाथ और उनके साथ बैठे शिवम सिंह (28) बुरी तरह घायल हो गए।

शिवम, प्रतापगढ़ के निवासी हैं।

अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने शेषनाथ को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि घायल शिवम को इलाज के लिए प्रयागराज भेज दिया गया और मृत उपनिरीक्षक के परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)