ताजा खबरें | यूपीएससी ने इंफाल को परीक्षा केंद्र चुनने वाले उम्मीदवारों को केंद्र परिवर्तन का विकल्प दिया: सरकार

नयी दिल्ली, 27 जुलाई केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने उन उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र बदलने का विकल्प दिया था जिन्होंने विभिन्न परीक्षाओं के लिए इंफाल को चुना था।

सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में उच्च सदन को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को यह विकल्प 28 मई को आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2023 एवं दो जुलाई को आयोजित कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) परीक्षा में प्रदान किया गया था। ईपीएफओ में लेखा अधिकारी/प्रवर्तन अधिकारी और सहायक भविष्य निधि आयुक्त के लिए भर्ती परीक्षा दो जुलाई को आयोजित की गई थी।

उन्होंने कहा कि यूपीएससी ने इंफाल को परीक्षा केंद्र चुनने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र बदलने का विकल्प दिया था और उन्हें आइजोल, दिल्ली, दिसपुर, जोरहाट, कोहिमा, कोलकाता और शिलांग में से किसी एक केंद्र पर परीक्षा में शामिल होने को कहा था।

कार्मिक लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग ने मणिपुर में विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन के लिए तीन केन्द्र-इंफाल, चुराचांदपुर और उखरुल बनाए हैं। तथापि, मल्टी टास्किंग (गैर- तकनीकी) स्टाफ और हवलदार (सीबीआईसी एवं सीबीएन) परीक्षा, 2022 के लिए मणिपुर के उम्मीदवारों को उत्तर-पूर्व में आइजोल, कोहिमा जैसे विकल्प प्रदान किए गए थे।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, उम्मीदवारों को भारत में कहीं भी उनकी सुविधा के अनुसार केन्द्र बदलने का विकल्प भी दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)