गोरखपुर, 21 फरवरी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मदनी मस्जिद मामले के प्रमुख वादी शाकिर खान का शुक्रवार सुबह हृदयघात के कारण निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे।
राजमार्ग-28 के पास कब्रिस्तान में दोपहर की नमाज के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। खान को बृहस्पतिवार शाम दिल का दौरा पड़ा और उन्हें तुरंत लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज मिलने के बावजूद शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
उनके परिवार का दावा है कि मस्जिद गिराए जाने के बाद से वह काफी परेशान थे।
कुशीनगर के हाटा इलाके में स्थित 26 साल पुरानी मदनी मस्जिद को हाल ही में प्रशासन ने गिरा दिया था।
नौ फरवरी को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया था, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस क्षेत्राधिकारी कसया के नेतृत्व में मस्जिद के अनधिकृत हिस्सों को गिराने के लिए नौ मशीनों का इस्तेमाल किया गया था।
उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को यह जवाब देने का निर्देश दिया था कि शीर्ष अदालत के निर्देश की कथित अवज्ञा करते हुए कुशीनगर में एक मस्जिद के एक हिस्से को गिराने के लिए उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए।
न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने यह भी निर्देश दिया कि अगले आदेश तक संबंधित ढांचे को नहीं गिराया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY