देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने जम्मू-कश्मीर के एलजी से मुलाकात की

जम्मू, 14 फरवरी केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को यहां जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

डॉ. वीरेंद्र कुमार ने केंद्र शासित प्रदेश में मंत्रालय की योजनाओं के क्रियान्वयन के सिलसिले में जम्मू का दौरा किया और ‘नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम’ (नमस्ते) की प्रमुख योजना के तहत सीवर और सेप्टिक टैंक वर्कर्स (एसएसडब्ल्यू) (सफाई मित्रों) को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट और आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने राजभवन में सिन्हा से मुलाकात की और सफाई कर्मचारियों को सम्मान प्रदान करने तथा उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा उठाए जा रहे कल्याणकारी उपायों पर चर्चा की।

इस यात्रा के दौरान डॉ. कुमार ने राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपीडीडीआर) के तहत जम्मू में गैर सरकारी संगठन ‘जेके सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेस’ द्वारा संचालित आउटरीच एंड ड्रॉप इन सेंटर (ओडीआईसी) का भी दौरा किया।

कुमार ने कहा कि हाशिए पर खड़े लोगों को प्राथमिकता देने के प्रति यह समर्पण सरकार के ‘विकसित भारत’ के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को देश की विकास यात्रा में योगदान देने और उससे लाभ उठाने का अवसर मिलता है।

इससे पहले मंत्री ने एक कार्यक्रम में एसएसडब्ल्यू को पीपीई किट और आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि नमस्ते योजना का उद्देश्य देश के शहरी क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना, क्षमता निर्माण और पीपीई किट, सुरक्षा उपकरणों और मशीनों तक बेहतर पहुंच के माध्यम से उनकी जीविकाजन्य सुरक्षा को बढ़ाना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)