देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री लेखी ने गोवा में नौसेना के जहाज की ‘कील’ रखी

पणजी, 12 सितंबर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने मंगलवार को गोवा में भारत के प्राचीन समुद्री व्यापार मार्गों पर चलने वाले जहाजों की याद दिलाने वाले एक जहाज की ‘कील’ रखी।

‘कील’ जहाज के निचले हिस्से में लगा लकड़ी या धातु का लंबा टुकड़ा होता है, जो जहाज को पानी में पलटने नहीं देता।

इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल उपस्थित थे।

इससे पहले नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि जहाज तैयार हो जाने के बाद, भारतीय नौसेना प्राचीन नौवहन तकनीकों का उपयोग करके पारंपरिक समुद्री व्यापार मार्गों पर एक अनूठी यात्रा करेगी।

केंद्रीय संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री लेखी ने इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह भारत की एक अमूर्त सांस्कृतिक विरासत है।

उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि इतिहास के साथ बहुत कुछ गलत हुआ है और सभ्यता के तौर पर हमें बहुत नुकसान हुआ है। उन सबको ठीक करने का समय आ गया है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)