श्रीनगर, 28 जनवरी केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के विभिन्न संकेतकों के आधार पर मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले की प्रगति की समीक्षा की।
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उपक्रम तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री करंदलाजे ने डाक बंगला में एक बैठक की अध्यक्षता की। उसमें स्थानीय विधायक जावेद हुसैन बेग, उपायुक्त (बारामूला) मिंगा शेरपा, दोनों मंत्रालयों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में शेरपा ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के पांच प्रमुख संकेतकों - स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेशन और कौशल विकास, तथा बुनियादी ढांचे के आधार पर जिले के प्रदर्शन की एक प्रस्तुति दी।
मंत्री को बताया गया कि नीति आयोग द्वारा जारी ‘डेल्टा रैंकिंग’ में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है तथा सितंबर तक 112 जिलों में 46वें स्थान पर पहुंच गया है एवं उसने 59.30 का समग्र अंक प्राप्त किया है। इससे पहले जिला 108वें स्थान पर था।
बेग ने जल संकट और अन्य विकासात्मक चुनौतियों से संबंधित चिंताएं सामने रखीं तथा इनके समयबद्ध समाधान के लिए मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
करंदलाजे ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिशु और मातृ मृत्यु दर के अंतर्निहित कारणों की पहचान करने के लिए व्यापक अनुसंधान करने तथा मृत्यु दर में और कमी सुनिश्चित करने के लिए लक्षित प्रयास के निर्देश दिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY