चेन्नई, एक फरवरी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शनिवार को कहा कि 2025-2026 का केंद्रीय बजट ‘पक्षपातपूर्ण’ और लोगों की उम्मीदों के साथ विश्वासघात है।
स्टालिन ने कहा कि राज्य की ओर से कई मांगें रखने के बावजूद केंद्र सरकार ने बजट में उनपर कोई ध्यान नहीं दिया।
स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मांगें बहुत हैं...राजमार्ग और रेलवे परियोजनाएं, कोयंबटूर और मदुरै मेट्रो रेल परियोजनाएं। कुछ भी क्यों नहीं दिया गया? आपको क्या रोक रहा है?’’
तमिलनाडु के संदर्भ में केंद्रीय बजट को ‘पूर्वाग्रह’ वाला करार देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें तमिलनाडु का नाम तक नहीं लिया गया।
आर्थिक सर्वेक्षण, उच्च शिक्षा संस्थानों की रैंकिंग और नीति आयोग की रिपोर्ट समेत केंद्र सरकार की सभी रिपोर्ट में तमिलनाडु को प्रमुख स्थान मिला है और सभी में राज्य की गतिविधियों की प्रशंसा की गई है।
द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन ने पूछा, ‘‘लेकिन इस साल बजट में तमिलनाडु को पूरी तरह से नजरअंदाज क्यों किया गया?’’
मुख्यमंत्री ने सवाल किया, ‘‘क्या वित्तीय आवंटन में तमिलनाडु पर राज्य की इच्छा के विरुद्ध अपनी (केंद्र की) नीति थोपने में केंद्र द्वारा प्रदर्शित की गई रुचि का कम से कम एक छोटा सा हिस्सा भी प्रतिबिंबित नहीं होना चाहिए था?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY