देश की खबरें | केंद्रीय बजट आम आदमी की आकांक्षाओं को पूरा करने की रूपरेखा: जयराम ठाकुर

शिमला, एक फरवरी हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट ‘आम आदमी’ का बजट है और आम लोगों की आकांक्षाओं व विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की रूपरेखा है।

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “इस बजट से देश विकसित भारत के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक प्राप्त करेगा। यह आम आदमी के कल्याण पर केंद्रित है, जो देश के विकास की प्रेरक शक्ति है।”

ठाकुर ने कहा कि यह कल्पना से परे है कि प्रति माह एक लाख रुपये से अधिक की आय कर-मुक्त हो सकती है।

उन्होंने कहा, “आयकर छूट की सीमा को बढ़ाकर 12.75 लाख रुपये सालाना करने के सरकार के फैसले से देश के 10 करोड़ करदाताओं को सीधा फायदा होगा, जिसमें मौजूदा करदाताओं में से करीब 75 फीसदी को छूट मिलेगी। महज 11 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने आयकर छूट की सीमा को छह गुना से ज्यादा बढ़ाया है।”

ठाकुर ने कहा, “इस वर्ष के बजट में 36 कैंसर उपचार दवाओं पर सीमा शुल्क हटाने और छह जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क घटाकर पांच फीसदी करने का प्रस्ताव शामिल है। सरकार ने अगले तीन वर्ष में राज्य के हर जिले में कैंसर उपचार अस्पताल खोलने की भी घोषणा की है।”

उन्होंने कहा कि इन आवश्यक दवाओं पर सीमा शुल्क हटाने, कैंसर अस्पतालों की स्थापना और आयुष्मान भारत योजना के तहत कैंसर के इलाज का प्रावधान करने से देश कैंसर से प्रभावी तरीके से लड़ सकेगा।

ठाकुर ने कहा कि यह बजट युवा मन में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा, “सरकारी विद्यालयों में 50,000 अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने की सरकार की पहल से युवाओं को बहुत लाभ होगा। बजट में बीमा प्रीमियम, चिकित्सा उपकरण, मोबाइल फोन, घरेलू स्तर पर उत्पादित कपड़े और एलईडी और एलसीडी टीवी की कीमतों में कमी का भी वादा किया गया है।”

ठाकुर ने कहा कि इसके अलावा, बजट में एक लाख नये घरों के लिए प्रावधान, शिक्षा के साथ एआई (कृत्रिम मेधा) को एकीकृत करना और 120 नये हवाई अड्डों के साथ उड़ान योजना का विस्तार करना शामिल है, जिससे आम आदमी के लिए हवाई यात्रा सुलभ हो जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)