विदेश की खबरें | यूक्रेन के राष्ट्रपति ने स्कूल पर रूसी बमबारी की निंदा की

जेलेंस्की ने सोमवार तड़के एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि रूसी सेना ने एक कला विद्यालय पर बमबारी की, जिसमें लगभग 400 लोगों ने शरण ले रखी थी।

उन्होंने कहा, “वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए हैं। हमें नहीं पता कि उनमें से कितने बच पाए हैं। लेकिन हमें यकीन है कि हम कला विद्यालय पर बम बरसाने वाले पायलट को निश्चित तौर पर मार गिराएंगे, जैसा कि हमने सामूहिक हत्याओं को अंजाम देने वाले ऐसा लगभग सौ अन्य पायलट के साथ किया।”

वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रविवार को इज़राइली संसद के सदस्यों से बात करने वाले जेलेंस्की ने रूस के साथ बातचीत शुरू करवाने में इज़राइल द्वारा किए गए प्रयासों के लिए उसका आभार जताया।

जेलेंस्की ने रूस के साथ सुलह का रास्ते खोजने में मदद करने के लिए इज़राइली राष्ट्रपति नफ्ताली बेनेट द्वारा किए गए प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने कहा, “इससे हम जल्द ही या बाद में रूस के साथ संभवत: यरुशलम में वार्ता शुरू कर पाएंगे। अगर संभव हुआ तो शांति कायम करने के लिए यह उपयुक्त स्थान होगा।”

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को फोन कर इस सप्ताह होने वाले जी-7 और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के प्रति समर्थन को लेकर चर्चा की।

एपी निहारिका पारुल

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)