देश की खबरें | यूक्रेन संकट का जी20 की कार्यवाही पर प्रभाव पड़ेगा, ईयू का भारत की अध्यक्षता पर भरोसा: राजदूत

(मानस प्रतिम भुइयां)

नयी दिल्ली, 23 फरवरी यूक्रेन पर रूस के हमले के एक वर्ष पूरा होने की पूर्वसंध्या पर यूरोपीय संघ (ईयू) के राजदूत उगो एस्टुटो ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस संकट का जी20 की कार्यवाही पर प्रभाव पड़ेगा, साथ ही इस बात पर जोर दिया कि कार्यवाही को सार्थक बनाने के लिए समूह की भारत की अध्यक्षता पर भरोसा करता है।

एस्टुटो ने कहा कि रूस से कच्चा तेल खरीदना जारी रखने को लेकर यूरोप भारत की स्थिति को समझता है, और यूक्रेन संघर्ष पर भारत के रूख की सराहना करता है।

ईयू के राजदूत की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब भारत पांच दिनों बाद जी20 समूह के विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी करने वाला है। इसमें अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लॉवरोव, ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली, फ्रांस के विदेश मंत्री कैथरीन कोलोना सहित अन्य शामिल होंगे। ईयू 27 देशों का समूह है ।

एस्टुटो ने कहा कि स्थिति पहले जैसी नहीं रहेगी और इस संकट का समूह की कार्यवाही पर असर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में कार्यवाही को सार्थक बनाने के लिए यूरोपीय संघ जी 20 समूह की भारत की अध्यक्षता पर भरोसा करता है।

यूरोपीय संघ के राजदूत ने ‘पीटीआई ’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि संघर्ष को लेकर भारत की आवाज प्रभावी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)