देश की खबरें | ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जॉनसन गुजरात में गांधी आश्रम, अक्षरधाम मंदिर जाएंगे

अहमदाबाद(गुजरात), 20 अप्रैल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भारत की अपनी दो दिवसीय यात्रा के तहत बृहस्पतिवार सुबह अहमदाबाद पहुंचेंगे और शहर के हवाई अड्डे से एक होटल तक चार किलोमीटर के मार्ग पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि जॉनसन शहर में गांधी आश्रम का दौरा करेंगे और बाद में गुजरात जैव प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एवं गांधीनगर में अक्षरधाम मंदिर भी जाएंगे। साथ ही, वडोदरा शहर के पास हलोल में जेसीबी कंपनी के एक संयंत्र का भी दौरा करेंगे। राज्य के एक प्रमुख कारोबारी के साथ बैठक करने का भी उनका कार्यक्रम है।

जॉनसन सुबह करीब आठ बजे अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। उनके आगमन पर, नृत्य मंडलियों और शहर में चार किलोमीटर के मार्ग पर लोगों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि रोड शो हवाई अड्डे के बाहर से शुरू होगा और दफनाला और रिवरफ्रंट के रास्ते आश्रम रोड पहुंचेगा।

उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा सर्कल से चार किलोमीटर मार्ग तक आश्रम रोड पर पांच सितारा एक होटल तक नियमित अंतराल पर लगभग 40 प्लेटफार्म बनाए गए हैं, जहां मंडलियां पारंपरिक भारतीय नृत्य करेंगी। अधिकारियों ने कहा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री रोड शो संपन्न करने के बाद पूर्वाह्न करीब 10 बजे गांधी आश्रम जाएंगे।

सूत्रों ने कहा कि जॉनसन अपनी गुजरात यात्रा को संपन्न करने और नयी दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले गांधीनगर में प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर जाएंगे। जॉनसन शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)