Shiv Sena Symbol Row: उद्धव ठाकरे ने EC से चुनाव चिन्ह और नाम जल्द आवंटित करने की मांग की
शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे ने रविवार को निर्वाचन आयोग से अपील की कि वह उनके नेतृत्व वाले धड़े द्वारा सुझाए गए तीन चुनाव चिह्न और नाम में से एक पर जल्द अंतिम निर्णय ले.
Shiv Sena Symbol Row: शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने रविवार को निर्वाचन आयोग (EC) से अपील की कि वह उनके नेतृत्व वाले धड़े द्वारा सुझाए गए तीन चुनाव चिह्न और नाम में से एक पर जल्द अंतिम निर्णय ले. तीन नवंबर को अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर ठाकरे ने आयोग से यह अपील की है. निर्वाचन आयोग ने अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में शिवसेना के उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे नीत दोनों गुटों के पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न का उपयोग करने पर शनिवार को पाबंदी लगा दी थी.
रविवार को ऑनलाइन संबोधन में ठाकरे ने आयोग के इस कदम को ‘‘अन्याय’’ करार दिया. ठाकरे ने कहा, ‘‘मैं निर्वाचन आयोग से मेरी पार्टी के लिए जल्द से जल्द एक चुनाव चिह्न और नाम को अंतिम रूप देने की अपील करता हूं क्योंकि हमें लोगों के पास जाना है और उपचुनाव का सामना करना है। मैं आयोग के फैसले से स्तब्ध हूं, लेकिन मेरा विश्वास नहीं डगमगाया है और शिवसेना समर्थकों पर भी मेरा भरोसा कायम है. यह भी पढ़े: Shiv Sena Symbol Row: उद्धव की शिवसेना को मिल सकता है त्रिशूल, उगता सूरज या मशाल का चुनाव चिह्न, 'धनुष-तीर' का सिंबल फ्रीज
पार्टी के दोनों गुटों द्वारा नाम और चुनाव चिह्न पर दावा किए जाने की पृष्ठभूमि में एक अंतरिम आदेश जारी कर निर्वाचन आयोग ने दोनों से कहा था कि वे सोमवार तक अपनी-अपनी पार्टी के लिए तीन-तीन नए नाम और चुनाव चिह्न सुझाएं.आयोग दोनों गुटों द्वारा सुझाए गए नामों और चुनाव चिह्नों में से उन्हें किसी एक का उपयोग करने की अनुमति देगा.
उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनके खेमे ने आयोग की अनुमति प्राप्त करने के लिए तीन नाम सुझाए हैं, जिनमें ‘शिवसेना बालासाहेब ठाकरे’, ‘शिव सेना बालासाहेब प्रबोधंकर ठाकरे’ और ‘शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे’ शामिल है. उन्होंने कहा कि उनके खेमे ने निर्वाचन आयोग को अपने चुनाव चिह्न के लिए त्रिशूल, उगता सूरज या मशाल के रूप में तीन विकल्प सुझाए हैं. उद्धव ठाकरे ने अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 09, 2022 08:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

