देश की खबरें | नौकरानी की पिटाई के आरोप में महिला दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित

ललितपुर (उप्र), पांच मई उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक नौकरानी की बेरहमी से कथित पिटाई करने के आरोप में एक महिला उपनिरीक्षक (दरोगा) समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ललितपुर के महरौनी क्षेत्र में घर में चोरी के शक में नौकरानी को सरकारी आवास में पीटने के आरोप में एक आरक्षी (कांस्टेबल) और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

महरौनी के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) इमरान अहमद ने बताया कि कोतवाली महरौनी में तैनात सिपाही अंशु पटेल के सरकारी आवास में 32 साल की एक महिला घरेलू नौकरानी थी। उन्होंने बताया कि रुपये की कथित चोरी के आरोप में सिपाही और उसकी पत्नी ने नौकरानी व उसके पति के साथ मारपीट एवं उनके साथ बदसलूकी की।

उल्लेखनीय है कि यह घटना दो मई की है और पीड़िता के परिजनों द्वारा थाने के बाहर धरना देने के बाद बुधवार को कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी।

अहमद ने बताया कि बाद में सिपाही ने पीड़ित महिला को थाने ले जाकर महिला उपनिरीक्षक के हवाले कर दिया, जहां उसने भी मारपीट की।

सीओ ने बताया कि इस सिलसिले में सिपाही अंशु पटेल और उसकी पत्नी के खिलाफ एक अभियोग दर्ज किया है और बदसलूकी करने के आरोप में सिपाही अंशु पटेल व महिला उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़िता को टीवी पर यह कहते सुना गया कि कांस्टेबल दंपति ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर बेल्ट से पीटा ताकि उसके रोने की आवाज बाहर न जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)