देश की खबरें | जम्मू में भारी बारिश से दो लोगों की मौत

जम्मू, 28 फरवरी जम्मू के कई हिस्सों में शुक्रवार को तीन दिनों से लगातार जारी बारिश के कारण एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई और 12 लोगों को पानी के तेज बहाव से बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ जिससे कई सड़कों को बंद करना पड़ा। हिमपात के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बंद करना पड़ा।

उधमपुर जिले के मौंगरी इलाके में शुक्रवार की सुबह दोपहिया वाहन पर सवार शानो देवी (50) और उनके बेटे रघु (25) पर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर आकर गिरा जिससे उनकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि कठुआ जिले के राजबाग क्षेत्र में उज्ज नदी से पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने 11 मजदूरों को बचाया। बारिश के कारण जल स्तर बढ़ने से वे निर्माण स्थल के पास बने एक शेड में फंसे हुए थे।

जम्मू के निखी तवी क्षेत्र में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने एक डंपर चालक को भी बचाया।

गोले-गुजराल निवासी चालक मोहन लाल का डंपर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजकर 40 मिनट पर तवी नदी में डूब गया था जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार शाम सात बजे से यातायात रोक दिया गया जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए।

अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण बटोट-डोडा सड़क को रागी नाले के पास बंद कर दिया गया जबकि भारी हिमपात के चलते भद्रवाह-चंबा, मुगल रोड और सिंथन रोड भी बंद रहें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)