देश की खबरें | पंजाब में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो निहंगों की मौत

तरन तारन (पंजाब), 21 मार्च पंजाब के तरन तारन के एक गांव में दो निहंगों ने पुलिसकर्मियों पर तलवारों से हमला कर दिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोलियां लगने से दोनों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों निहंगों की पहचान महताब सिंह और गुरदेव सिंह के रूप में की गई है, जो महाराष्ट्र के नांदेड़ में हत्या के एक मामले में वांछित थे।

उनके मोबाइल के सुरसिंह गांव में होने का पता चलने के बाद नांदेड़ पुलिस ने पंजाब पुलिस को सतर्क कर दिया था और दो थाना प्रभारियों के एक दल को उन्हें पकड़ने के लिए भेजा गया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने थाना प्रभारियों पर तलवारों से हमला कर दिया, जिसके कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भेजा गया और आरोपियों एवं पुलिस कर्मियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आरोपियों की गोलियां लगने से मौत हो गई।

दोनों घायल थाना प्रभारियों बलविंदर सिंह और नरिंदर सिंह को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)