श्रीनगर, 14 जुलाई जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में बृहस्पतिवार को तीन प्रवासी श्रमिकों पर हमले में प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों का हाथ माना जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कश्मीर पुलिस के अवर पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को दक्षिण कश्मीर जिले के गगरान गांव में तीन प्रवासी श्रमिकों को गोली मार दी थी, जिसमें वे घायल हो गये। घायल मजदूरों की पहचान अनमोल कुमार, पिंटू कुमार ठाकुर और हीरालाल यादव के रूप में की गयी और तीनों बिहार के सुपौल जिले के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, दो नकाबपोश लोगों ने गगरान में एक इमारत की पहली मंजिल पर पहुंच कर तीनों श्रमिकों पर गोली चला दी।
अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस को मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर लगता है कि लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘पड़ोस के गांवों और जिले के अनेक हिस्सों में छापे मारे जा रहे हैं।’’
अधिकारियों ने कहा कि आतंकवाद में लिप्त लोगों के कई साथियों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ चल रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
कुमार ने जिले में सुरक्षा का जायजा लिया।
बृहस्पतिवार की गोलीबारी की घटना इस साल कश्मीर में प्रवासियों पर इस तरह के हमले की दूसरी घटना थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY