देश की खबरें | राष्ट्रपति के रात्रिभोज में दो पूर्व प्रधानमंत्री, विपक्षी दलों के कुछ मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगे

नयी दिल्ली, आठ सितंबर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एच.डी. देवेगौड़ा शनिवार को वैश्विक नेताओं के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मेजबानी में आयोजित जी20 रात्रिभोज में ‘‘स्वास्थ्य कारणों’’ से शामिल नहीं होंगे।

सूत्रों ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों और विपक्ष शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अन्य को भव्य रात्रिभोज में आमंत्रित किया गया है।

सिंह और देवेगौड़ा दोनों ने रात्रिभोज में शामिल होने में असमर्थता के बारे में केंद्र सरकार को सूचित कर दिया है।

देवेगौड़ा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैं जी20 शिखर सम्मेलन की शानदार सफलता की कामना करता हूं।’’

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की है।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी जी20 रात्रिभोज में शामिल होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल होने के लिए नौ सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी आ रहे हैं। उनके करीबी सहयोगियों ने इसकी पुष्टि की है।

ऐसी भी खबरें हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस रात्रिभोज में शामिल हो सकते हैं।

इस बीच, कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, जो केंद्रीय मंत्री के समकक्ष हैं और संवैधानिक पद पर हैं, को रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किया गया है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जी20 रात्रिभोज में खरगे को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर शुक्रवार को ब्रसेल्स में सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार देश की 60 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले विपक्षी नेताओं को महत्व नहीं देती।

अधिकारियों ने कहा कि बनर्जी रात्रिभोज में शामिल होने के लिए शुक्रवार दोपहर नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अपने प्रवास के दौरान वह विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगी।

हालांकि, सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के उपस्थित होने की संभावना नहीं है।

राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार को जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल ‘भारत मंडपम’ में रात्रिभोज की मेजबानी करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)